तरकुलवा थाना क्षेत्र के पोखरभिण्डा गांव निवासी मृतक मुमताज का फोटो
देवरिया में जमीन के लिए चाचा को पीटकर मार डाला
तरकुलवा(देवरिया)। क्षेत्र के ग्राम बंजरिया के पोखरभिंडा टोले पर मंगलवार की सुबह ज़मीन के एक टुकड़े के लिए भतीजे ने चाचा को पीट-पीटकर मार डाला। इतना ही नहीं चाची पर भी हमलाकर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार है।
बंजरिया गांव के पोखरभिंडा टोले के रहने वाले मुमताज खान (55) व इन्ताफ़ खान (53) के बीच कुछ दिनों से घर की पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसे लेकर पंचायत भी बुलाई गई। सोमवार को गांव में पंचायत कर विवाद में सुलह-समझौता करा दिया गया था। मंगलवार की सुबह 10 बजे के करीब उसी ज़मीन के विवाद को लेकर दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि इन्ताफ़ के बेटे नदीम ने चाचा मुमताज और चाची रैला को लाठी से पीट दिया। इससे मुमताज जमीन पर गिर पड़े। जबकि रैला खातून को भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल मुमताज को मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस संबंध में सीओ (सिटी) संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि आरोपी फरार हैं। पुलिस दबिश दे रही है। शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। संवाद