शराब पिलाने के बाद गमछे से गला दबाकर जान से मारने का भी आरोप
- चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन पहुंचे तो अधेड़ ने दी घटना की जानकारी
सलेमपुर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर, इलाज के क्रम में मौत
- परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सलेमपुर के मझौलीराज में दरवाजे पर सोए एक अधेड़ को अज्ञात तीन लोगों ने पहले जबरन तीन पाउच शराब पिलाई। इसके बाद उसका गला दबाकर मारने का प्रयास किया। यह देखकर अधेड़ ने चिल्लाना शुरू कर दिया। परिजन मौके पर पहुंचे तो अधेड़ की हालत खराब हो चुकी थी। आनन-फानन उसे लेकर सलेमपुर सीएचसी पहुंचे, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज चल ही रहा था कि अधेड़ की मौत हो गई। परिजनों ने शराब में जहर देकर मारने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मझौलीराज के शंकर नगर वार्ड 12 निवासी रामविलास गोंड (50) पिता स्व. बचन गोंड रोज की भांति बुधवार की रात्रि खाना खाकर दरवाजे पर सोने चले गए। रात करीब 11:30 बजे अज्ञात तीन लोग उसके पास पहुंचे और जगाया। इसके बाद तीनों ने जबरन उसे तीन पाउच देसी शराब पिला दी। इससे रामविलास की हालत बिगड़ने लगी। इसके बाद उन तीनों ने गमछे से रामविलास का गर्दन दबाना चाहा। वह चिल्लाने लगे तो तीनों अज्ञात व्यक्ति भाग निकले।
परिजन दौड़कर पहुंचे तो रामविलास की हालत बिगड़ी थी। परिजन लेकर सलेमपुर सीएचसी में पहुंचे, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। देर रात में मेडिकल कॉलेज में रामविलास की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रामविलास के बेटे राकेश ने बताया कि पापा के अनुसार, जबरन तीनों अज्ञात लोगों ने जबरन शराब पिलाई तभी से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसका आरोप है कि शराब में जहर मिलाकर कर पिलाया गया है। इससे उनकी मौत हुई है।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने रामविलास के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। सीओ दीपक शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। परिजनों ने तहरीर दी है। रामविलास के बेटे के बयान के आधार पर भी मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ जाने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।