खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
- चार माह पहले आरोपी के रिश्तेदार ने सोशल मीडिया पर पीड़ित परिवार के घर की लड़कियों का फोटो अश्लील गाने के साथ किया था वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंदिर से पूजा कर घर लौट रही छात्रा की रास्ते में घेरकर कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि पांच माह पहले आरोपी के रिश्तेदार ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर पीड़ित छात्रा की मामी और उनकी बेटी का फोटो अश्लील गाने के साथ लगाकर वायरल कर दिया था। सर्विलांस से खुलासा होने पर यह बात सामने आई थी। इसके बाद दोनों परिवारों में मनमुटाव हो गया था।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की 10वीं की छात्रा अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करती है। वह शनिवार को गांव में स्थित मंदिर पर पूजा करने गई थी। आरोप है कि लौटते समय छात्रा को गांव के कुछ लोगों ने घेरकर पिटाई कर दी। शोर मचाने पर घरवाले पहुंचे तो हमलावर भाग निकले। छात्रा का नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया गया। आरोप है कि गांव की भांजी छात्रा को पांच माह पूर्व हुए विवाद को लेकर मारा-पीटा गया है। बताया जा रहा है कि इसी गांव की युवती की शादी कुशीनगर के हाटा क्षेत्र में हुई है। बीते जनवरी माह में हाटा क्षेत्र निवासी युवती के देवर ने इंस्टाग्राम पर पापा की लाडली 5052 फेक आईडी बनाकर पीड़ित छात्रा की मामी और उनकी बेटी की फोटो के साथ अश्लील गाना अपलोड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
मामा ने इसकी शिकायत खुखुंदू थाने में की थी। पुलिस ने सर्विलांस के जरिए पता कर आरोपी को चिह्नित किया था। इसके बाद दोनों परिवारों में मतभेद हो गया। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। सोशल मीडिया पर पूर्व में अश्लील गाने को वायरल करने को लेकर विवाद हुआ है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।