देवरिया शहर के शुुगर मिल ग्राउंड में लगे डिज्नीलैंड मेले में बृहस्पतिवार की रात बांस से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ एक युवक का शव मिला। युवक मेले में गुब्बारा बेचता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घरवालों को सूचित कर दिया है।
बिहार जनपद के नालंदा जिले में स्थित औंगारी थाना के रसिया गांव के रहने वाले हर्ष आनंद (23) पुत्र अशोक सिंह कुछ दिन पहले जनपद में किसी काम से आए थे। उस दौरान पता चला कि शुगर मिल ग्राउंड में डिज्नीलैंड मेला लग रहा है। इसमें वह गुब्बारे की दुकान लगाए थे। बृहस्पतिवार की रात बांस के सहारे दुपट्टे से लटका हुआ देखकर मेले के अंदर दुकान लगाए दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को इसकी सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सदर कोतवाल कपिल देव चौधरी ने बताया कि युवक का शव डिज्नीलैंड मेले में दुपट्टे के सहारे लटके हुए मिला है। छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद कोई कार्रवाई की जाएगी। कोतवाल कपिलदेव चौधरी ने बताया कि डिज्नीलैंड मेले में फंदे से लटका युवक का शव मिला है। छानबीन की जा रही है।