देवरिया। समाजवादी सेक्युलर मोर्चा की बैठक रुद्रपुर मोड़ के एक मैरेज हाल में गुरुवार को हुई। इसमें वक्ताओं ने भाजपा को गड्ढायुक्त सरकार और सपा को लोहिया के विचारों से भटकने की बात कही। किसानों और आम लोगों के लिए संघर्ष करने का एलान किया। संगठन के जिलाध्यक्ष गिरेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लोहिया के नीतियों से भटक चुके हैं। प्रदेश की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा करने वाली भाजपा सरकार गड्ढायुक्त हो गई है। किसान और मजदूर इस सरकार में परेशान हैं। अपने हक के लिए लोगों को सड़क पर उतरना पड़ रहा है। लेकिन भाजपा की सरकार खामोश है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से शिवपाल यादव का वैचारिक विवाद है। जनता के हक के लिए समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का गठन किया गया है। आम लोगों के अधिकारों के लिए पार्टी कार्यकर्ता संघर्ष करेंगे। 2022 के विधानसभा चुनाव समाजवादी सेक्युलर मोर्चा अधिकांश सीटों पर चुनाव जीतेगी और शिवपाल यादव सीएम बनेंगे। 60 दिनों में पार्टी का विधानसभा से लेकर लोकसभा के बूथों का गठन कर लिया जाएगा। इस दौरान अरविंद सिंह यादव, जयश्री विश्वकर्मा, भरत दुबे, संजय यादव, अनिल यादव, विनोद यादव, दिनेश यादव, पवन यादव आदि मौजूद रहे।