देवरिया। सदर कोतवाली के कसया बाईपास बालाजी मंदिर के पास शुक्रवार की रात दो बाइक की टक्कर हो गई। एक बाइक पर सवार दो युवकों को गंभीर चोट लगी है। एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। सदर कोतवाली के मुकुंदपुर गांव के जाहिर अंसारी का 19 वर्षीय बेटा तौकीर चीनी मिल के पास के रहने वाले सुदर्शन सिंह के बेटे कन्हैया सिंह के साथ किसी काम से कुशीनगर गया था। दोनों रात 10 बजे के बाद देवरिया वापस आ रहे थे। कसया बाईपास बालाजी मंदिर के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे बाइक चालक को चोट नहीं लगी और वह मौके से भाग गया। आसपास के लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तौकीर की हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव का कहना है कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजवाया था।