न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सार्वजनिक जगह पर नोटिस चस्पा
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। भटनी के घांटी बाजार में फर्जी फाइनेंस बैंक चलाने और लोगों का रकम दोगुना करने के नाम पर ठगी करने वाले फरार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने रविवार को 82 की कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने घांटी बाजार स्थित सार्वजनिक स्थान पर नोटिस चस्पा किया गया।
भटनी के सिंहपुर गांव निवासी राघवेंद्र चौरसिया घांटी बाजार में जगमग निधि लिमिटेड के नाम से एक फाइनेंस बैंक चलाता था। उसने रकम दोगुना करने के नाम पर सैकड़ों क्षेत्रीय लोगों से बैंक में रुपये जमा कराया। दोगुना रकम देने की समय सीमा आने पर दो वर्ष पूर्व आरोपी अचानक बैंक बंद कर फरार हो गया। मामले में कई लोगों ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया, तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। न्यायालय के निर्देश पर रविवार को पुलिस ने घांटी बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप को सार्वजनिक जगह मान कर 82 का नोटिस चस्पा किया। एसओ डॉ. महेंद्र कुमार ने बताया कि धोखाधड़ी के फरार आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इसके बावजूद आरोपी न्यायालय में पेश नहीं होता है तो कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।