देवरिया। लोकतंत्र का महापर्व सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले में तैयारी पूरी हो गई है। कुल 2629 बूथों पर मतदान कराने पोलिंग पार्टियां शनिवार की शाम पहुंच गई। सुरक्षा बल भी मुस्तैदी से डट गई है। सात विधानसभा क्षेत्रों के कुल 2211528 मतदाता तीन लोकसभा क्षेत्रों के लिए मतदान करेंगे। रविवार को सुबह सात बजे से मतदान आरंभ होगा। जिले के सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1599 केंद्रों पर 2629 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर सकुशल चुनाव कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को जीआईसी और पुलिस लाइन परिसर से शनिवार को रवाना किया गया। मतदान सामग्री पाने के लिए कर्मचारी सुबह ही तय स्थल पर पहुंच गए थे। विधानसभा क्षेत्रवार पंडाल और सेक्टरवार काउंटर से ईवीएम, वीवीपैट, मतदाता सूची, विविध प्रपत्र सहित अन्य दस्तावेज हासिल करने के बाद कर्मचारियों ने उसका विधिवत मिलान किया। ईवीएम और वीवीपैट की टेस्टिंग की। फिर बस्ता लेकर वाहनों पर सवार हुए। देवरिया सदर, रामपुर कारखाना और पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के लिए जीआईसी परिसर, जबकि सलेमपुर, भाटपाररानी, बरहज, रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथों के लिए पोलिंग पार्टियों को रवाना किया गया। रवानगी से पहले सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट ने उन्हें मतदान के दौरान निरंतर संपर्क में रहने, फार्म भरने में सावधानी बरतने और हर दो घंटे की रिपोर्टिंग के बारे में समझाया। शाम तक सभी पार्टियां अपने बूथों तक पहुंच चुकी थी।