संत रविदास ने मिटाया ऊंच-नीच का भेद
हियुवा ने मनाई जयंती, मलिन बस्तियों में होगा सहभोज
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। संत शिरोमणि रविदास की जयंती मंगलवार को धूमधाम से मनाई गई। विभिन्न संगठनों ने जहां झांकियां सजाकर संत रविदास को नमन किया तो वहीं गोष्ठियों में उनके व्यक्तित्व-कृतित्व पर चर्चा करते हुए समाज की बेहतरी में उनके योगदान को सराहा गया। महारानी चंडिका छात्रावास में हियुवा कार्यकर्ताओं ने संत रविदास के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया। जिला संयोजक नीरज शाही ने कहा कि संत महात्माओं की वजह से ही देश विश्वगुरु बन पाया है। रविदास जी ने निर्धन परिवार में जन्म लिया। वह मोची का काम करते थे, लेकिन कर्मों के आधार पर ऊंच-नीच का भेदभाव खत्म कर समाज में एकरूपता लाने का कार्य किया। मन चंगा तो कठौती में गंगा... की पंक्ति समाज को एकसूत्र में पिरोने का कार्य करता है। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष मुन्ना राय, नीरज श्रीवास्तव, सुभाष तिवारी, गुड्डू पहलवान, विजय पंडित, शैलेंद्र सिंह, रजनीश तिवारी, ओमप्रकाश मिश्र, शशिकांत, आदि मौजूद रहे।