बरहज। क्षेत्र के आदर्श ग्राम और सांसद का गोद लिया गांव कपरवार पश्चिमी टोले में लगा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर आपूर्ति के दौरान धू-धू कर जलने लगा। बताया जा रहा है कि ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर जला है। जिससे करीब तीन हजार उपभोक्ता अंधेरे में रहेंगे। जयनगर स्थित विद्युत सब स्टेशन के पश्चिमी फीडर से गांव को आपूर्ति दी जाती है। लोगों का कहना है कि पश्चिमी टोला के लिए विभाग ने बरहज-रुद्रपुर मार्ग स्थित सामुदायिक भवन के समीप 250 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया है। जिससे करीब तीन हजार उपभोक्ता लाभान्वित होते हैं। सोमवार को करीब तीन बजे आपूर्ति के दौरान ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। जिसे देख लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने विद्युत विभाग को सूचना देकर फौरी तौर पर आपूर्ति बंद कराया। साथ ही फायर सर्विस को भी फोन किया गया। तकरीबन 20 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई। गांव के अनिल मिश्रा, कृपाशंकर गुप्त, श्रीधर तिवारी, मदन मिश्र, शंभू दूबे, किशुनदेव चौरसिया आदि का कहना है कि उक्त ट्रांसफार्मर पर क्षमता से अधिक कनेक्शन होने की शिकायत अधिकारियों से कर दी गई थी। लेकिन इसके बावजूद आज तक ट्रांसफार्मर नहीं लगा। इस संबंध में एसडीओ शिवम नाथ तिवारी ने बताया कि 24 घंटे में ट्रांसफार्मर उपलब्ध करा दिया जाएगा।