देवरिया। किसान दिवस में छुट्टा पशुओं के अलावा सब्सिडी का मुद्दा छाया रहा। नहरों में टेल तक पानी बहाल की मांग की गई। नीलगाय के खात्मे के लिए बीडीओ से परमिट हासिल करने को कहा। ऋण माफी के लिए 22 जुलाई तक बैंक अकाउंट को आधार कार्ड से लिंकअप कराने को कहा। अफसरों ने किसानों से समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को दोपहर 12 बजे से किसान दिवस शुरू हुआ। वीडियो कांफ्रेंसिंग के कारण डीएम सुुजीत कुमार विलंब में आएं। इसके पहले पीडी आरएस राय ने किसानों की समस्याओं को सुना। भाकियू नेताओं ने खाद और बीज की सब्सिडी नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। कहा कि ऑनलाइन पंजीयन के बावजूद सब्सिडी के लिए भाग-दौड़ करनी पड़ रही है। किसानों को खरीदारी करते वक्त चेक दिया जाए। ताकि बैंक अकाउंट में चेक डालकर तत्काल भुगतान करा सके। भाकियू नेता राघवेंद्र प्रताप शाही ने कहा कि नीलगाय, जंगली सूअर समेत अन्य जानवरों से निजात दिलाने की मांग की। कहा कि अरहर, तिल, सोयाबीन और मूंगफली के फसल बर्बाद कर रहे हैं किसान अपनी मेहनत बर्बाद देख हलकान हैं। डीएम सुजीत कुमार ने कहा कि बीडीओ के पास परमिट हासिल कर सकते हैं। बंदूकधारियों को इसके लिए वरीयता दी जाएगी। सोलर पैनल चोरी के बारे में कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताई। कांग्रेस के शहर अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्र ने फसल बीमा योजना का लाभ नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। राणा प्रताप सिंह ने नहरों में पानी नहीं होने पर सिंचाई के लिए दिक्कत बढ़ गई है। नरौली संग्राम में कुलाबा टूटने से सिंचाई बाधित हो रही है। ओंकार उपाध्याय ने उद्यान विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाया।