बीज की 26 प्रतिष्ठानों पर छापा, 61 नमूने लिए गए
रुद्रपुर, सलेमपुर और बरहज में की गई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। उचित दर तथा गुणवत्तायुक्त बीज की उपलब्धता के लिए जिलाधिकारी ने बीज निरीक्षकों एवं उपजिलाधिकारी की टीमें गठित कर सभी 26 बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापामारी कराई। इस दौरान 61 नमूने लिए गए। साथ ही दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल, उपजिलाधिकारी सलेमपुर में, जिला कृषि रक्षा अधिकारी रतन शंकर ओझा तथा उपजिलाधिकारी बरहज, रुद्रपुर में तथा उप कृषि निदेशक विकेश कुमार, उपजिलाधिकारी सदर की टीम ने देवरिया में कार्रवाई की। टीमों ने 26 स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान 61 बीजों के नमूने जांच के लिए लिए गए। दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, जिसमें जिला कृषि रक्षा अधिकारी ने मेस एग्री जंक्शन रुद्रपुर तथा जायसवाल बीज भंडार, उसरा बाजार रुद्रपुर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नमूनों के परीक्षण के बाद प्राप्त परिणाम के आधार पर बीज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।