संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के परसिया वंशी गांव में बृहस्पतिवार को दो पक्षों में टिनशेड रखने को लेकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों से छह लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा गया। दो की स्थिति गंभीर है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के परसिया वंशी गांव में बिकाऊ यादव और रमेश यादव के बीच जमीन का विवाद है। दो माह पहले हुए विवाद में दोनों पक्षों में खुखुंदू थाने में समझौता होने की बात कही जा रही है। बुधवार से ही दोनों पक्ष विवाद पर उतारू हो गए। बिकाऊ ने शाम को जमीन में टिनशेड रखा। आरोप है कि इसी बात को लेकर रमेश पक्ष ने बृहस्पतिवार को उन पर हमला कर दिया।
शोर मचाने पर जब उनकी पत्नी सुनीता देवी, भाई त्रिभुवन और पवन पहुंचे तो हमलावरों ने इन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। जबकि रमेश पक्ष का आरोप है कि बिकाऊ पक्ष जबरन हमारी भूमि पर टिनशेड रख रहे थे। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए हमारे ऊपर हमलावर हो उठे। बीच-बचाव करने पत्नी इशरावती देवी आईं तो उन्हें भी पीट दिया गया। मेडिकल कॉलेज देवरिया में उनका इलाज चल रहा है।
रमेश का कहना है कि विवादित भूमि को लेकर थाने से लेकर गांव तक कई बार सुलह-समझौता हो चुका है। लेकिन बिकाऊ पक्ष मानने को तैयार नहीं है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष अभी इलाज करा रहे है। 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई होगी। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मारपीट होने की सूचना मिली है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।