अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटना, पुलिस कर रही मामले की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। होली के दिन मंगलवार को शहर से लेकर गांव देहात में अलग-अलग जगह हुई घटनाओं में डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में हुआ। घायलों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के हनुमान मंदिर रोड पर कुछ मनबढ़ युवकों ने एक परिवार पर लाठी, डंडे और ईंट, पत्थर से हमला बोल दिया। इसमें एक ही परिवार के आधा दर्जन घायल हो गए। इनमें कई का सिर फूट गया। सभी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। मनबढ़ युवकों ने एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के हनुमान मंडी रोड निवासी कुसुमावती देवी पत्नी भोले ने पुलिस को तहरीर दी है कि मंगलवार को होली के दिन उनका बेटा अभिषेक रोशन पटेल के घर भोजन करने गया था। वहां पर पहले से ही करीब एक दर्जन युवक मौजूद थे। इस दौरान उनके घर पर कुछ लोग ईंट, पत्थर चलाने लगे। शोर सुनकर परिजन बाहर निकले तो उन पर लाठी, डंडे से हमला बोल दिया। इस घटना में परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए, इनमें कई का सिर फूट गया। हमलावरों ने घर के बाहर एक बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में अभिषेक, चांदनी, दिनेश, शीला, कुसुमावती, भोला घायल हो गए। सभी को इलाज कराने को मेडिकल कालेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने 35 लोगों के खिलाफ दी तहरीर
देवरिया। शहर के राम गुलाम टोला निवासी गुड्डू मद्धेशिया की पत्नी सरिता देवी के घर का गेट का ताला तोड़कर कुछ लोगों ने बाइक, टीवी, वाॅशिंग मशीन, आरओ मशीन, मोबाइल, पंखा, घर में का गेट तोड़कर गले से चेन खींची व नकदी चोरी कर ली। विरोध करने पर जानलेवा हमला करते हुए जान से मारने की धमकी दी। महिला ने 14 को नामजद करते हुए 35 लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में सीओ ने कहा कि दोनों मामलों की जांच कराई जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अलग-अलग गांवों में हुई मारपीट में तीन घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
चुनकी। लार थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में हुई मारपीट के मामले में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सीएचसी लार पर कराया गया।
लार थाना क्षेत्र के कुंडावल तारा गांव में किसी बात को लेकर कुछ लोगों ने नवीन कुमार त्रिपाठी (38) पुत्र बलभद्र त्रिपाठी को मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, बलुआ गौरी गांव के सत्येंद्र प्रजापति (20) पुत्र गरजू प्रजापति को किसी बात को लेकर लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। वहीं, तीसरी घटना में चौमुखा गांव निवासी राहुल सिंह (29) पुत्र नागेंद्र सिंह को कुछ अज्ञात लोगों ने हाइडिल तिराहे पर पेट्रोल पंप के सामने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों का इलाज सीएचसी लार पर कराया गया। उक्त संबंध में प्रभारी निरीक्षक लार कपिलदेव चौधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कराई जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
बाइक सवार दो युवकों पर बोला जानलेवा हमला
गौरीबाजार। पुरानी रंजिश को लेकर कुछ मनबढ़ों ने बाइक सवार दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। घायल युवकों को सीएचसी से रेफर होने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मारपीट करने वाले चार लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। गौरीबाजार के नरायनपुर तिवारी निवासी राहुल यादव पुत्र रामप्रवेश होली के दिन शाम को अपने पड़ोसी संतोष यादव पुत्र सुरेश के साथ बाइक से गौरीबाजार जा रहे थे। गांव के धुसी टोले पर पहुंचे थे पुरानी रंजिश में घात लगा कर बैठे कुछ लोगों ने रास्ते में उनकी बाइक रोक दी। अभी बाइक सवार युवक कुछ समझते बांकी, राड, लाठी-डंडे से उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में बाइक सवार राहुल व संतोष घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से रेफर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक राहुल के पिता रामप्रवेश की तहरीर पर पुलिस ने गांव के चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।