520 कछुए रेलवे स्टेशन से बरामद, आरोपी फरार
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दस लाख रुपये है कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। तस्करी के लिए ले जा रहे मंगलवार को 29 बोरियों में 520 कछुओं को सदर प्लेटफॉर्म नंबर दो से बरामद किया। आशंका है कि सुंदरी प्रजाति के सभी कछुओं को पूर्वांचल एक्सप्रेस से तस्कर बंगाल ले जाने की फिराक में थे। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम कछुओं को साथ लेकर चली गई। कुल कछुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दस लाख रुपये की है।
सदर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ प्लेटफॉर्म नंबर दो पर संदिग्ध वस्तुओं की चेकिंग के लिए भ्रमणशील थी। इसी दौरान निर्माणाधीन फुटब्रिज के पास कपडे़ में लपेटे हुए 29 बोरियों में हरकत करते हुए कुछ दिखाई दिया। इसकी तलाशी लेने पर सभी बोरी में कछुए मिले ।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसकी गणना की तो कुल 520 जीवित कछुए मिले। आशंका है कि गोरखपुर से कोलकाता जाने वाली पूर्वांचल एक्सप्रेस से तस्कर उन्हें बंगाल तस्करी के लिए ले जा रहे थे। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत करीब दस लाख रुपयों की है।
कोट
रेलवे स्टेशन पर से कुल 520 कछुओं को बरामद किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये हैं। तस्कर इसे बंगाल में तस्करी के लिए ले जा रहे थे, जिसे जीआरपी और आरपीएफ ने पकड़ लिया।
-अनुज कुमार त्रिपाठी, एसडीओ
कोट
प्लेटफॉर्म नंबर दो के पास से 29 बोरियों में 520 कछुओं को बरामद किया गया है। जिसे वन विभाग को सूूचना देकर सौंप दिया गया।
-सुधाकर उपाध्याय, जीआरपी