बरहज। जहाज घाट पर मां के साथ जीवित्पुत्रिका पर स्नान करने आया छात्र डूब गया। घाट पर देर शाम तक बेटे का पता न चलने पर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। तिवारीपुर बरगहिया निवासी संजय सोनकर की पत्नी संपाती देवी व्रत थीं। शाम को वह 12 वर्षीय बेटे मोनू के साथ सरयू घाट पर स्नान करने आईं थीं। इसी बीच साथ आया मोनू अन्य लोगों को नहाता देख नदी में उतर गया। लोगों का कहना है कि इसी बीच गहरे पानी में चले जाने से डूब गया। उसके डूबने की खबर पर मां दहाड़ें मारने लगीं। काफी तलाशी के बाद भी उसका सुराग नहीं लग सका। दूसरे दिन भी स्टीमर की मदद से पैना, मईल आदि जगहों पर तलाश की गई। प्रभारी थाना निरीक्षक सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि गोताखोरों की मदद से परिजन तलाश करवा रहे हैं।