फोटो समाचार......
तरकुलवा में कूड़े के ढेर में लगी आग को बुझाने में सफाई कर्मी झुलसा, एक गाय व तीन बकरियां जलीं, एक बछड़ा भी झुलसा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले में दो दिनों से पछुआ हवा बदस्तूर जारी है। हवा की रफ्तार इस कदर है कि दोपहर 12 से लेकर दोपहर तीन बजे तक शहर हो या देहात सड़कें वीरान हो जा रही हैं। पछुआ हवा के थपेड़ों से बचने के लिए लोग घरों में कैद हो जा रहे हैं।
सोमवार को पछुआ हवा के बीच आग ने तबाही मचाई। जिले में आग की अलग-अलग घटनाओं में करीब 40 बीघा गेहूं की फसल जल गई। वहीं, चार झोपड़ियां और उसमें रखा सामान राख हो गया। घटना में एक गाय व चार बकरियां जलकर मर गईं। वहीं, एक गाय का बछड़ा गंभीर रूप से झुलस गया। इधर, तरकुलवा में आग बुझाने के दौरान एक सफाई कर्मी सुलझ गया।
शॉर्ट सर्किट से एक एकड़ गेहूं की फसल जली
फोटो
मेहरौनाघाट। लार थाना क्षेत्र के चटिया गांव में खेतों के ऊपर से बिजली का हाईटेंशन तार गुजरा है। इसी तार के नीचे उकिना गांव के भालचंद्र तिवारी का खेत है। इसमें गांव के विपुल तिवारी ने बंटाई पर गेहूं की खेती की है। शॉर्ट सर्किट होने की वजह से सोमवार की सुबह 10:30 बजे विपुल तिवारी की गेहूं की एक एकड़ फसल आग में जलकर राख हो गई। खेत में आग की लपटें उठतीं देखकर पूरा गांव आग बुझाने में जुट गया। जुटे लोगों ने पेड़ के डंठल और बर्तनों में पानी भरकर आग पर डाला। गांव वालों की काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि आग बुझाने के लिए पूरा गांव टूट पड़ा और हवा अभी तेज नहीं हुई थी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। नहीं तो चटिया का पूरा गांव आग की चपेट में आने से भारी तबाही मच जाती। विपुल तिवारी के मुताबिक, खेतों के ऊपर से गुजर रहे बिजली तार में स्पॉर्किंग से निकली चिंगारी की वजह से फसल आग में जल गई। किसानों ने विद्युत निगम से झूलते बिजली तारों को अति शीघ्र ठीक कराने की मांग की है।
दो स्थानों पर लगी आग से चार झोपड़ियां राख, एक गाय व चार बकरियां आग की भेंट चढ़ीं
फोटो- ग्राम केहूनिया में लगी आग बुझाते ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
भाटपाररानी। खाना बनाते समय निकली आग की चिंगारी से दो जगहों पर सोमवार को लगी आग से चार झोपड़ियां राख हो गईं। उसमें रखा हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया, जबकि एक गाय, चार बकरियां आग की भेंट चढ़ गईं। एक बछड़ा भी गंभीर रूप से झुलस गया। गांव वालों ने अगल-बगल के पंपिंग सेटों को चलाकर अग्निशमन की पहुंची गाड़ी की मदद से आग बुझाई। इससे आग पूरे गांव में नहीं फैल पाई।
पहली घटना खामपार थाना के ग्राम केहूनियां के बंजरवा टोला में हुई। सूचित चौहान के घर 9:30 बजे महिलाएं खाना बना रही थीं। उसी समय झोपड़ी में अचानक आग लग गई। इससे तेज पछुआ हवा में उनकी दो झोपड़ियां तथा उसमें रखा हजारों रुपये का सामान, झोपड़ी में बंधी गाय, चार बकरियां जलकर मर गईं तथा गाय का बछड़ा बुरी तरह झुलस गया। आग फैल कर पास के रामस्वरूप की झोपड़ी में भी पकड़ ली। उनकी दो झोपड़ियाें में रखा हजारों रुपये का सामान जल कर राख हो गया। दूसरी घटना भाटपाररानी थाना के ग्राम बरईपार बाबू की है। राजू गोंड के घर महिलाएं छत पर टीन शेड में खाना बना रही थीं। आग की चिंगारी उड़कर छत पर रखे आम की लकड़ी में चली गई। इससे लकड़ी जलने लगी। मौके पर पहुंची अग्निशमन की गाड़ी व गांव वालों ने आग बुझाई। इससे आग नहीं फैल सकी। सीओ एसपी सिंह ने बताया कि आग की दो घटनाएं हुई हैं। इसमें कुछ पशु भी जलकर मर गए हैं। अग्निशमन की गाड़ी व पुलिस बल मौके पर पहुंची थी।
कूड़े के ढेर में लगी आग, बुझाने गया सफाईकर्मी झुलसा
देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र के परसौनी मोड़ के पास सड़क के किनारे कूड़े के ढेर में सोमवार को किसी ने आग लगा दी थी। तेज पछुआ हवा के चलते आग तेज हो गई। आसपास के खेतों में गेहूं की खड़ी फसल में आग की लपटें पहुंचने ही वाली थीं कि इसकी सूचना पाकर थाना क्षेत्र के कनकपुरा गांव निवासी सफाई कर्मी जितेंद्र कुशवाहा आग बुझाने पहुंच गया। आग बुझाने के दौरान वह आग की चपेट में आ गया। इससे वह पूरी तरह से झुलस गया। आसपास के लोगों ने काफी मशक्कत से आग बुझाई। इसके बाद वहां मौजूद लोग झुलसे सफाईकर्मी को गंभीर अवस्था में लेकर सीएचसी तरकुलवा लेकर पहुंचे। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि नगर पंचायत के परसौनी मोड़ के करीब सड़क के दक्षिण पटरी पर काफी मात्रा में कूड़े का ढेर लगा रहता है। इसमें हमेशा आग सुलगती रहती है। इसके चलते राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उस स्थान पर हमेशा धुआं निकलता रहता है। इसके चलते वाहन चालकों की आंखें बंद हो जाती हैं। वे दुर्घटना के शिकार हो जाते हैं। थाना क्षेत्र के दूबेटोला निवासी कृष्ण मुरारी गोंड की बेटी दिव्या (17) 12 मार्च को खेत देखकर साइकिल से घर लौट रही थी। इसी जगह पर बाइक से टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से यहां इकट्ठा कूड़े के ढेर को साफ कराने की मांग की है।