डेंगू के चार संदिग्ध मरीज अस्पताल में भर्ती
आइसोलेशन वार्ड में चल रहा इलाज
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। डेंगू पांव पसार रहा है। प्रतिदिन मरीज मिल रहे हैं। चार संदिग्ध मरीज मिले हैं। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में उन्हें भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। ब्लड के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। अस्पताल में इस समय चार लोगों का इलाज चल रहा है।
विकास खंड पथरदेवा क्षेत्र के एक गांव का युवक हरियाणा के रेवाड़ी में काम करता है। वहां परिवार के साथ रहता है। उसकी पत्नी दस दिन पहले पत्नी बुखार से पीड़ित हो गई। शरीर व सिर में दर्द तथा उल्टी भी हो रही थी। वहां प्राइवेट में दवा ली। मामूली राहत मिली। इसी बीच चार दिन पहले युवक भी बुखार की चपेट में आ गया। वहां प्राइवेट में दवा ली। युवक पत्नी को लेकर शुक्रवार को घर आ गया। इसके बाद दोनों जिला अस्पताल के इमरजेंसी पहुंचे, जहां इलाज शुरू हुआ और आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया।
इसी ब्लॉक क्षेत्र का एक व्यक्ति सात पहले बुखार से पीड़ित हो गया। दवा लेने पर आराम नहीं मिला। इसके बाद जिला अस्पताल पहुंचा, जहां मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू हुआ। शनिवार को उसे आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। वहीं, सदर ब्लॉक क्षेत्र की एक महिला छठ पर्व पर रिश्तेदारी में ऋषिकेश थी। दो नवंबर को घर आई। इसके बाद बुखार से पीड़ित हो गई। बृहस्पतिवार को अस्पताल पहुंची। महिला मेडिकल वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। चिकित्सक ने बताया कि शनिवार को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर उपचार चल रहा है।
इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचके मिश्रा ने बताया कि अस्पताल में डेंगू के मरीजों के इलाज की व्यवस्था है। आइसोलेशन वार्ड के अतिरिक्त अलग से दस बेड का वार्ड बनाया गया है। यहां बेड व दवा की सुविधा है।