देवरिया में आगामी गर्मी के मौसम में बिजली खपत बढ़ने की आशंका को लेकर क्षेत्र के पुरनाछापर 132 विद्युत उपकेंद्र पर 40 एमवीए ट्रांसफाॅर्मर लगाया जाएगा। करीब चार करोड़ की लागत से ट्रांसफाॅर्मर क्षमता बढ़ने से भटनी, भिंगारी बाजार और गजहड़वा (बनकटा) सब स्टेशनों की बिजली व्यवस्था सुधरने की बात कही जा रही है। वहीं, ट्रांसफाॅर्मर लगने के दौरान 5 से 12 मार्च के बीच आंशिक रूप से बिजली कटौती की आशंका भी जताई जा रही है।
भटनी के पुरनाछापर 132 विद्युत उपकेंद्र से भटनी, भिंगारी बाजार और गजहड़वा (बनकटा) सब स्टेशनों को विद्युत सप्लाई की जाती है। पहले यहां दो 20 एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर से तीनों सब स्टेशनों को बिजली दी जाती है। इसके चलते आएदिन अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान रहते हैं। गर्मी के दिनों में फाॅल्ट और लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है।
विद्युत निगम के अफसरों ने सर्वे किया तो पता चला कि गर्मी में 20 एमवीए लोड झेल नहीं पाएगा। ऐसे में अब इसकी क्षमता 20 एमवीए से बढ़ाकर 40 एमवीए की जाएगी। इसकी तैयारी बिजली निगम ने शुरू कर दी है। सोमवार से इस पर काम शुरू हो जाएगा। क्षमता बढ़ने के बाद से तीन सब स्टेशनों के लाखों लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
करीब चार करोड़ की लागत से 40 एमवीए का पाॅवर ट्रांसफाॅर्मर लगाने में एक सप्ताह का समय लग सकता है। इस दौरान 5 मार्च से 12 मार्च के बीच आंशिक रूप बिजली आपूर्ति बाधित रहने की बात कही गई है। पुरनाछापर 132 उपकेंद्र मौजूद अवर अभियंता भोला ने बताया कि गर्मी से पहले ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता वृद्धि बढ़ाने का काम किया जा रहा है। पुरनाछापर उपकेंद्र में 40 एमबीए की पावर क्षमता बढ़ाई जाएगी। इस दौरान 5 से 12 मार्च के बीच बिजली कटौती हो सकती है।