खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की घटना, पुलिस बोली-दोनों पक्षों से पड़ी है तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को आपसी विवाद को लेकर पड़ोसियों ने एमए की एक छात्रा समेत चार लोगों की पिटाई कर दी। आरोप है कि बाइक और दरवाजा भी तोड़ दिया गया। घायलों ने नजदीक के अस्पताल में इलाज कराया। छात्रा का कहना है कि मुझ पर अश्लीलता का आरोप लगाकर गालियां दी जाती हैं। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला शुक्रवार को बैकुंठपुर मेला गई थी। मेला से लौटने के बाद शनिवार की सुबह वह अपने दरवाजे पर भतीजी से बात कर रही थी। पड़ोसी की एक लड़की ने अपने घर जाकर बोल दिया कि हमलोगों की शिकायत कर रही है। इसी को लेकर पड़ोसियों ने छात्रा की चाची की पिटाई शुरू कर दी। शोर मचाने पर जब छात्रा, उसकी मां और बहन बचाने गईं तो हमलावरों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। यह भी आरोप है कि विवाद के दौरान बाइक और दरवाजा तोड़ दिया गया है। इतना ही नहीं छात्रा पर अश्लीलता का आरोप लगाकर गालियां भी गईं। छात्रा का कहना है कि हमारे परिवार में पुरुष वर्ग में कोई मुखिया घर पर नहीं है। सभी लोग बाहर रहते हैं। इसके चलते आए दिन पड़ोसी विवाद कर अश्लील आरोप लगाते रहते हैं। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि आपसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों ने मारपीट की है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मौके पर गई है। जांच कर कार्रवाई होगी।
सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि अभी मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। आने पर कार्रवाई कराई जाएगी।