फोटो समाचार..........
एसओजी व गौरीबाजार पुलिस ने संयुक्त रूप से लूट की घटना का किया पर्दाफाश
लूटी गई रकम व चाकू बरामद, तमंचा, दो कारतूस व दो बाइकों को पुलिस ने किया जब्त
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। गौरीबाजार व चौरीचौरा की सीमा पर स्थित मझना नाला पर नमकीन फैक्टरी गोरखपुर में कार्यरत गुलाब चंद्र को चाकू मारकर लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि एसओजी व गौरीबाजार पुलिस की संयुक्त टीम ने घटना में शामिल चारों बदमाशों की गिरफ्तारी की है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू व लूटी गई रकम भी पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया। बदमाशों के पास से एक तमंचा व दो कारतूस बरामद भी बरामद किया।
एसपी संकल्प शर्मा ने बताया कि नमकीन फैक्टरी गोरखपुर में कार्यरत गुलाब चंद्र पुत्र स्व. टीकम दास रोज की भांति चार अप्रैल को दिन में करीब एक बजे दुकानदारों को नमकीन देने के लिए मैजिक वाहन से निकले। वह नमकीन देते हुए देवरिया पहुंचे। वहां से वसूली करते हुए गोरखपुर जाने लगे। इस दौरान गुलाब चंद्र के पास कलेक्शन के 02 लाख रुपये हो गए थे। उसे लेकर वापस गोरखपुर जा रहे थे।
इसी दौरान गौरीबाजार थाने के मझला नाला पुल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने हमलावर होकर 02 लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। इस घटना के बाद घायल गुुलाब चंद्र के बयान पर दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर पांच टीमों का गठन कर खुलासा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रभारी एसओजी व थानाध्यक्ष गौरीबाजार पुलिस टीम के साथ बदमाशों की धरपकड़ में लगे हुए थे। दोनों टीमों ने मुखबिर की सूचना पर खरोह चैराहे के पास से दो बाइक के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। चारों से पूछताछ की गई तो चारों ने इस घटना का खुलासा कर दिया।
घटना का मास्टर माइंड कोई और नहीं बल्कि गुलाबचंद्र का ड्राइवर शहनवाज निकला
नमकीन व्यापारी के मैनेजर से हुई लूट की घटना का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि गुलाबचंद्र के साथ रहने वाला उनका ड्राइवर शहनवाज निकला। शहनवाज पुत्र मन्नू गोरखनाथ थाने के चकसा हुसैन वार्ड नंबर 47 व हाल मुकाम मिर्जापुर, पचपडेवा का रहने वाला है। उसने गोरखनाथ थाना क्षेत्र के आंबेडकर नगर मिर्जापुर पचफेड़वा पास मातेश्वरी मंदिर वार्ड नंबर 16 निवासी विवेक सागर पुत्र रामकुमार भारती, गोरखपुर के पिपराईच थाने के उनौला रेलवे स्टेशन के निकट उनौला दोयम निवासी दीपक उर्फ दीपू पुत्र सुभाष व गोरखपुर के पिपराइच थाने के बेलवा खोड़वा के दुर्गेश कुमार पुत्र रामेश्वर के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। उनके पास से लूटी गया बैग, जिसमें दो लाख रुपये मौजूद थे, एक तमंचा, दो कारतूस और घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर जब्त कर लिया गया।
शाहनवाज ने विवेक संग बनाई थी लूट की योजना, विवेक ने ही मारा था चाकू
नमकी व्यापारी के कर्मचारी से लूट की योजना शहनवाज ने ही बनाई थी। उसने अपने दोस्त विवेक के साथ इस घटना की रणनीति बनाई। इसके बाद विवेक ने अपने दोस्त दीपक व उसके दोस्त दुर्गेश के साथ इसे अंजाम दिया। देवरिया से लौटने की सूचना शाहनवाज ने विवेक को दी। विवेक, दीपक व दुर्गेश काफी देर तक मझना नाले के पास मौजूद थे। जब शाहनवाज गौरीबाजार पहुंचा तो विवेक व दीपक बाइक से बाजार की तरफ चले गए। दुर्गेश मौके पर ही मौजूद था। मैजिक के आने की सूचना दुर्गेश ने विवेक को दी। इसके बाद विवेक व दीपक पीछे से पहुंचे और वाहन के शीशे को पत्थर से तोड़ दिया। इसके बाद वाहन से निकल कर भाग रहे नमकीन व्यापारी से बैग छीनने के क्रम में विवेक ने चाकू से वार कर घायल कर दिया था।
20 दिन पहले बनी थी लूट की योजना, विवेक व दीपक हाल में बेल पर निकले थे जेल से
नमकीन व्यापारी के कर्मचारी से हुई लूट मामले में पुलिस के हत्थे चढ़े विवेक व दीपक का काफी पुराना आपराधिक इतिहास है। दोनों कई बार जेल जा चुके हैं। दोनों के विरुद्ध चार-चार मामले दर्ज हैं। विवेक पर गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट के साथ चार मामले दर्ज है। वहीं, दीपक पर भी गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई हो चुकी है। दुर्गेश का अभी आपराधिक इतिहास नया है। पुलिस उसके बारे में भी जानकारी ले रही है। दोनों की जेल में मुलाकात हुई थी। तब से दोनों दोस्त हो गए और एक साथ आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। करीब 20 दिन पहले शाहनवाज ने फरवरी माह में बेल पर बाहर निकले अपने दोस्त विवेक के साथ लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। दीपक उर्फ दीपू नवंबर माह में बेल पर जेल से बाहर आया था।
इन सामग्रियों की हुई बरामदगी, एक चोरी की बाइक बरामद
पुलिस ने चारों बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक एचएफ डीलक्स बाइक बरामद की। यह बाइक चोरी की थी। इसका मुकदमा महुआडीह थाने में दर्ज है। एक पैसन प्रो बाइक भी बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, लूटा गया बैग व दो लाख रुपये, घटना में प्रयुक्त चाकू व एक ताला तोड़ने वाला हाथ से बना लोहे की चाबी बरामद किया।
एसओजी व पुलिस टीम को एसपी ने किया पुरस्कृत, 25 हजार रुपये का मिला पुरस्कार
चार दिन के अंदर लूट की घटना का खुलासा करने वाली एसओजी व गौरीबाजार पुलिस टीम को एसपी संकल्प शर्मा ने पुरस्कृत किया। टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया है। खुलासा करने वाली टीम में गौरीबाजार थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मिश्र, एसओजी प्रभारी सादिक परवेज, गौरीबाजार थाने के राघवेंद्र सिंह, दीपक पटेल, एसओजी के प्रशांत शर्मा, विमलेश सिंह, रमाकांत पाल, विदेश्वर, गौरीबाजार थाने के वर्मा प्रजापति, रमेश यादव, अभिनव यादव, जितेंद्र यादव, प्रदीप कुमार, अभिषेक यादव शामिल रहे।