संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सांसद शशांक मणि के प्रयास से एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन हुआ। जिला सेवायोजन कार्यालय देवरिया के माध्यम से बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित रोजगार मेले में करीब 1400 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। बेंगलूरु से आई मल्टीनेशनल कंपनी क्वेश ने एक एक बच्चों का उनकी योग्यता के आधार पर साक्षात्कार लिया, जिसमें कंपनी ने करीब 372 अभ्यर्थियों का चयन किया और बाकी 150 अभ्यर्थियों को प्रतिक्षारत रखा। इस रोजगार मेले का शुभारंभ एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव की देख रेख में हुआ। इस मेले के समापन के बाद सांसद शशांक मणि ने सफल अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। वहीं कंपनी के लोग भी देवरिया में रोजगार मेले से उत्साहित दिखाई दिए, सांसद शशांक मणि का धन्यवाद देते हुए कहा कि देवरिया में इस मेले के आयोजन से उन्हे अच्छे अभ्यर्थी मिले जो उनकी कंपनी के हितों को आगे बढ़ा सकते हैं। कंपनी ने वादा किया है कि वो एक बार फिर देवरिया में रोजगार मेले का आयोजन करेंगे। इस मेले में आए अभर्थियों ने भी सांसद शशांक मणि को धन्यवाद दिया, उनका मानना था इस रोजगार मेले के कारण उन्हें कहीं इधर-उधर भटकना नहीं पड़ा है, उनको उनके जिले में ही नौकरी मिल गई। रोजगार मेले को सफल बनाने में राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामकिंकर मिश्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी रोहन अपूर्व सिन्हा और कर्मचारियों की उपस्थिति रही।