देवरिया। खुखुंदू कस्बे में लगा 400 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर मंगलवार शाम को जल गया। इससे कस्बा समेत तकरीबन साढ़े तीन सौ घरों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा। उधर, थाना, डाकखाना, अस्पताल ,बैंकों और स्कूलों में जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है। निगम के जिम्मेदार बृहस्पतिवार को ट्रांसफार्मर बदलने की बात कह रहे हैं। ऐसे में उपभोक्ता काफी परेशान हैं।
थाना रोड पर जूनियर हाई स्कूल मोड़ के पास चार सौ केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर लगा है। इससे पूरे कस्बे की विद्युत सप्लाई चलती थी। मंगलवार शाम को ट्रांसफार्मर जलने से थाना, डाकखाना, अस्पताल, बैंकों और स्कूलों सहित साढ़े तीन सौ घरों की आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में बारिश के मौसम में उपभोक्ताओं को बिजली न मिलने से दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। एक तरफ बारिश के चलते उपभोक्ता घरों के अंदर दुबके हैं तो दूसरी तरफ उन्हें उमसभरी गर्मियों का भी सामना करना पड़ रहा है। इस हालात में बिजली न मिलना उपभोक्ताओं को काफी खल रहा है। हालांकि सरकारी संस्थाओं में जनरेटर के जरिए आवश्यक कार्यों को निपटाया जा रहा है। निगम के जिम्मेदार एक-दो दिन में ट्रांसफार्मर बदलने की बात कह रहे हैं। जेई उमेश चंद ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दे दी गई। बृहस्पतिवार को उम्मीद है कि ट्रांसफार्मर बदल दिया जाएगा। संवाद