विनियमित क्षेत्र की बैठक आयोजित
देवरिया। शहर में अब 32 सड़कों के किनारे बाजार सज सकेंगे। इससे शहरवासियों को खरीदारी के लिए कहीं दूर नहीं जाना होगा और समय की बचत होगी। दरअसल मंगलवार को डीएम कार्यालय में महायोजना 2031 के तहत विनियमित क्षेत्र बोर्ड की बैठक में शहर की 32 सड़कों के किनारे बाजार लगाने के प्रस्ताव को सहमति प्रदान की गई। इससे छोटे व्यवसायियों को सर्वाधिक लाभ होगा। उन्हें कहीं भी अवैध तरीके से अपनी दुकान लगाने पर कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
विनियमित क्षेत्र बोर्ड के अध्यक्ष व डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी ने शहर के मुख्य मार्गों के दोनों ओर व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 12 मीटर या उससे चौड़ी सड़कों पर बाजार मार्ग बनाने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। यही नहीं निर्मित क्षेत्र के बाहर 24 मीटर या उससे अधिक चौड़ी सड़क के दोनों तरफ भी बाजार मार्ग का प्रस्ताव किया गया है। मंगलवार शाम हुई बैठक की बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी, एसडीएम सौरभ सिंह, ईओ रोहित सिंह पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार सिंह, आर्किटेक्ट हितेश मौजूद रहे।
बनाए जाएं स्पष्ट नियम : डीएम
डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि महायोजना 2031 के तहत विनियमित क्षेत्र बोर्ड की बैठक में शहर में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अहम प्रस्ताव लाए गए। इनमें शहर की 32 सड़कों को बाजार मार्ग घोषित किया गया है, ताकि व्यावसायिक गतिविधियां यहां बढ़ सकें। डीएम ने कहा कि महायोजना 2031 से संबंधित स्पष्ट निमय बनाए जाएं, जो आम लोगों की समझ में आएं। उन्होंने कहा कि जन सुविधाओं का विकास भविष्य को ध्यान में रखकर किया जाए, ताकि आने वाले समय में भी इससे कोई परेशानी न होने पाए।
-
बोर्ड की बैठक में ये प्रस्ताव भी आए
-जाम की स्थिति से निजात पाने के लिए बाईपास का प्रस्ताव
- बाईपास मार्गों और हाईवे के मिलान बिंदु के निकट ट्रक और बस अड्डा का प्रस्ताव, ताकि नगर में भारी वाहनों का आवागमन रोका जा सके
- राष्ट्रीय व प्रांतीय राजमार्गों व प्रस्तावित बाईपास के दोनों तरफ 30 मीटर की हरित पट्टी के बाद तीन सौ मीटर की गहराई तक राजमार्गीय सुविधा जोन, भू उपयोग का प्रस्ताव