देवरिया। शहर के मॉडर्न सिटी मांटेसरी इंटर कॉलेज की तीसरी मंजिल से गिरने से 9वीं की छात्रा नीतू चौहान की मौत का मामला अभी सुलझ भी नहीं पाया कि सिंधी मिल कॉलोनी के इन्वेंचर एकेडमी का छात्र शुक्रवार की सुबह स्कूल से गायब हो गया। हालांकि तीन घंटे बाद वह कसया ढाले के पास घूमता मिली। जानकारी होने पर मां ने कोतवाली पहुंचकर सूचना दी थी। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने छात्र की खोज शुरू कर दी थी। बिहार के दरौली थानाक्षेत्र के कुंती मिटौली गांव के प्रभाकर पांडेय विदेश में रहते हैं। बच्चों की पढ़ाई के लिए उन्होंने शहर के सिंधी मिला कॉलोनी में किराए पर कमरा लिए है। यहां पत्नी श्वेता, बेटी सृष्टि और बेटा सुशांत के साथ रहती हैं। दोनों बच्चे मोहल्ले के ही इन्वेंचर एकेडमी में कक्षा एक में पढ़ते हैं। रोज की तरह दोनों सुबह एक ही साथ स्कूल गए। बताया जा रहा है कि स्कूल से कुछ पहले ही मां उसे छोड़कर वापस चली गई। प्रार्थना के बाद टीचर ने सृष्टि से सुशांत के बारे में पूछा। उसने कहा कि आया तो है। इस बात की जानकारी स्कूल की ओर से मां श्वेता को दी गई। जानकारी होने पर मां श्वेता रोते हुए कोतवाली पहुंची और पुलिस से पूरी बात बताई। छात्र के गायब होने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव ने अपाची दस्ते और अन्य पुलिसवालों को छात्र की खोज में लगा दी। तीन घंटे की खोज में बच्चा कसया ढाले के पास घूमता हुआ मिल गया। इसके बाद मां श्वेता और पुलिसवालों ने राहत की सांस ली। सदर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव का कहना है कि छात्र स्कूल पहुंचने से पहले ही भटक गया। वह कसया ढाले के पास घूमते हुए मिल गया है।