संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। मदनपुर थाना क्षेत्र के बहसुआं स्थित बरहज-रुद्रपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह परिवहन निगम की बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। दुर्घटना में दो की मौत और 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है।
परिवहन विभाग की ओर से रुद्रपुर बस स्टेशन से आजमगढ़ के लिए सुबह बस का संचलन किया जाता है। बस चालक बरांव चौराहे पर गाड़ी कुछ देर के लिए रोके थे। लेकिन बस में कम सवारी होने के बावजूद यात्रियों को देरी होने के कारण बस लेकर चल दिए। बताया जा रहा है कि थोड़ी देर पहले हुई बारिश के कारण मौसम खुशगवार हो गया था। खाली सड़क होने के चलते ट्रक चालक तेज गाड़ी चला रहा था। उसकी थोड़ी सी लापरवाही इतनी बड़ी घटना का सबब बन गई। घायलों में से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिनका गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। दूसरे दिन भी सड़क पर चलने वालों के चेहरों पर बड़ी घटना का खौफ दिखा। सड़क पर चलने वाली गाड़ियां एक-दूसरे काे आराम से साइड दे रही थीं।
इंसेट में-
मां की मौत से बिलख रहे बच्चे, पति बदहवास
बरहज। मोहरा गांव निवासिनी उषा सिंह पत्नी दिव्यांग दीनानाथ सिंह की बस-ट्रक की भिड़ंत में मौत हो गई। इलाज के दौरान हुई मौत से उनके पुत्र शिवा, पुत्री शिवानी, रानी, नंदिनी का रो-रो का बुरा हाल है। जबकि दिव्यांग पति दीनानाथ सिंह भी बदहवास हैं। उषा आजमगढ़ में प्राइवेट नौकरी कर परिवार का खर्च चलाती थीं। उषा की मौत से बच्चों की पढ़ाई को लेकर घर के लोग असमंजस में हैं। वहीं, प्रशासन मृतकों और घायलों के परिवार को मुआवजा दिलाने की तैयारी में जुट गया है।
अधिकारियों के अनुसार, शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। मंजूरी मिलते ही मुआवजा मुहैया करा दिया जाएगा।