नमकीन कारोबारी के मैनेजर से लूटी गई रकम को अभी पुलिस नहीं कर सकी है बरामद, ताबड़तोड़ दबिश
तीन बदमाशों को हिरासत में लेकर नाम गोपनीय रखते हुए पुलिस कर रही पूछताछ
दो दिन पूर्व नमकीन व्यापारी के मैनेजर को चाकू मारकर मझना नाले पर हुई थी लूट
संवाद न्यूज एजेंसी
गौरी बाजार। दो दिन पूर्व देवरिया व गोरखपुर जनपद की सीमा पर स्थित मझना नाले पर नमकीन फैक्टरी के मैनेजर से हुई लूटपाट के मामले के खुलासे के करीब पुलिस है। पुलिस घटना में शामिल तीन गुर्गों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस रविवार को खुलासा कर सकती है।
गोरखपुर जनपद के गोरखनाथ थाना क्षेत्र निवासी गुलाबचंद (55) बृहस्पतिवार को मैजिक वाहन से अपने चालक शाहनवाज के साथ देवरिया से साढ़े आठ बजे रात को लौट रहे थे। इसी बीच मझना नाला पुल के समीप घात लगाकर बैठे अज्ञात लुटेरों ने वाहन पर पत्थर चलाकर उसे रोक लिया। रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। विरोध करने पर मैनेजर को गले और पेट पर चाकू से वार कर दिया। इसके बाद बैग में रखे दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल गुलाबचंद को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस महकमें में खलबली मच गई। दोनों जिले की पुलिस मौके पर पहुंच गई। कुछ देर तक मामला सीमा विवाद में उलझा रहा। पुलिस ने गौरी बाजार थाने में लूट की प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस कप्तान डॉ. संकल्प शर्मा ने लूट की घटना को चुनौती मानकर इसके शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस की पांच टीमों का गठन किया। शनिवार को पुलिस ने घटना में शामिल तीन बदमाशों को गौरी बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उनका नाम गोपनीय रखकर पूछताछ कर रही है। घटना में शामिल मुख्य सरगना को दबोचने के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है। लूट की रकम व घटना में प्रयुक्त चाकू मिलते ही पुलिस घटना का खुलासा कर सकती है। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।