भलुअनी के एक युवक ने खुखुंदू की युवती को रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगा
पीड़ित की मां ने सीएम पोर्टल, डिप्टी सीएम और पुलिस महानिदेशक के पास पत्र भेजकर की शिकायत
खुखुंदू (देवरिया)। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का पीए बताकर नौकरी दिलाने के नाम पर भलुअनी क्षेत्र के एक युवक ने युवती से 2.75 लाख रुपये ऐंठ लिए। मामला तकरीबन एक वर्ष पहले का है। नौकरी नहीं मिलने पर अब पीड़ित पक्ष रुपये वापस देने के लिए कह रहा है तो आरोपी जालसाज अपने को ऊंची पहुंच वाला बताकर जान-माल की धमकी दे रहा है। पीड़ित युवती की मां ने सीएम, डिप्टी सीएम और पुलिस महानिदेशक लखनऊ को रजिस्ट्री पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
खुखुंदू कस्बा निवासी रवि प्रकाश गुप्ता इटावा में रहकर मेडिकल की पढ़ाई करता है। वह पिछले साल दिसंबर माह में भलुअनी क्षेत्र में अपने बुआ मंजू देवी के घर आया था। वहां उसकी मुलाकात क्षेत्र के एक युवक से हुई। युवक ने डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ कुछ अपनी तस्वीरें दिखाकर शुद को उनका पीए बताया। रवि प्रकाश उसके झांसे में आ गया। उसने बीटेक कर चुकी अपनी बहन अनुप्रिया गुप्ता की नौकरी मेट्रो रेलवे में लगवाने की बात कही। नौकरी के बदले जालसाज ने दो लाख पचहत्तर हजार रुपये मांगें।
परिजनों ने नौकरी की लालच में आकर एक लाख रुपये कैश और एक लाख पचहत्तर हजार रुपये उसके खाते में भेज दिया। फरवरी में परीक्षा होने के बाद जब लिस्ट में अनुप्रिया का नाम नहीं निकला, तो परिजन रुपये वापसी की दबाव बनाने लगे। आरोपी ने बीते अप्रैल माह में एक लाख रुपये का चेक काटकर अगस्त महीने में खाते में डालने की बात कहकर दे दिया। लेकिन खाते में रुपये नहीं होने पर चेक बाउंस हो गया।
अब रुपये वापसी के लिए पीड़ित पक्ष दबाव बना रहा है तो आरोपी ऊंची पहुंच बताकर धमका रहा है। पीड़ित युवती की मां ने बीते दो दिसंबर को सीएम के पोर्टल पर और फिर सोमवार को डिप्टी सीएम और पुलिस महानिदेशक, लखनऊ को रजिस्ट्री पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि आरोपी युवक बार-बार धमकी दे रहा है और कह रहा है कि कही शिकायत कर लो कुछ होने वाला नहीं है।