नए नगर निकायों व सीमा विस्तार में शामिल गांवों के लिए शासन ने दी वित्तीय मंजूरी
जमा योजना के तहत आठ करोड़ रुपये की लागत से शहरी बिजली से जोड़े जाएंगे नए वार्ड
- दो लाख की आबादी को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जिले के नए नगर निकायों व सीमा विस्तार में शामिल गांवों को शहरी बनने की पहली सौगात जल्द मिलने वाली है। शासन ने इन इलाकों को शहर बिजली देने के लिए जमा योजना के तहत आठ करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। दो माह के भीतर काम पूरा कर लिया जाएगा। इससे लगभग दो लाख नये शहरियों को 24 घंटे बिजली मिलने लगेगी। वर्तमान में यहां के लोगों को 18 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
बीते साल नगर पालिका परिषद देवरिया व गौरा बरहज के सीमा विस्तार के साथ जिले में पथरदेवा, मदनपुर, हेतिमपुर, तरकुलवा, बैतालपुर, भलुअनी समेत छह नगर निकायों का गठन किया गया है। इसमें करीब सवा दो लाख की आबादी शामिल हुई है। एक साल गुजरने के बाद अब तक इन्हें किसी प्रकार की शहरी सुविधा नहीं मिल पाई है। नगर निकाय बोर्ड का गठन होने के बाद ही सड़क, नाली, पथ प्रकाश व साफ-सफाई की सहूलियत मयस्सर हो पाएगी। हालांकि बिजली निगम ने नए नगर निकायों की घोषणा होते ही यहां के बाशिंदों को शहरी बिजली देने का प्रस्ताव तैयार कर लिया था। जमा योजना में भेजे गए प्रस्ताव को शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। टेंडर की प्रक्रिया भी लगभग पूरी हो चुकी है। दो माह बाद नए शहरियों को 24 घंटे बिजली मिलने लगेगी।
इनसेट
बिजली शेड्यूल: 24 घंटे नगर में बिजली देने का है नियम
- 22 घंटे तहसील मुख्यालय पर बिजली देने का नियम
- 18 घंटे गांवों में बिजली देने का है नियम
-
महंगा हो जाएगा बिजली बिल
शहरी बिजली कनेेक्शन मिलते ही नव सृजित नगर निकाय के लोगों का बिजली महंगी हो जाएगी। ग्रामीणों को 90 रुपये पर किलो वाट फिक्स चार्ज के साथ 3.35 रुपये प्रति यूनिट बिजली बिल देना पड़ता है। शहर की बिजली आपूर्ति शुरू होते ही इन्हें 110 रुपये पर किलो वाट फिक्स चार्ज के साथ 5.50 रुपये प्रति यूनिट बिजली का बिल भरना पड़ेगा। ग्रामीण के लिए यह दर सौ यूनिट व शहर के लिए घरेलू कनेक्शन पर 150 यूनिट बिजली उपयोग के लिए निर्धारित है।
इनसेट
बोले शहरी
शहर में शामिल हुए एक साल हो गए। अभी तक शहरी सुविधा नहीं मिली है। 24 घंटे बिजली मिलना अच्छी बात है। बिजली निगम इस काम को जल्दी पूरा कराए।
- अभिषेक शुक्ला, दानोपुर
-
शहरी बनने की आस में ही हम लोगों ने यहां जमीन खरीदकर घर बनाया था। लंबे इंतजार के बाद गांव को शहर में शामिल किया गया है। 24 घंटे बिजली मिलने से हम सभी को सहूलियत मिलेगी।
- संदीप दुबे, खरजरवा
इनसेट
2.23 करोड़ की लागत से बनेंगे तीन टाउन फीडर
तीन विद्युत उपकेंद्रों में 2.23 करोड़ खर्च कर तीन नए टाउन फीडर लगाए जाएंगे। शासन से इसके लिए वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। तीनों नए फीडर नवसृजित नगर पंचायत तरकुलवा, पथरदेवा व हेतिमपुर से जुड़ेंगे। इससे नए नगर वासियों को शहरी शेड्यूल के हिसाब से विद्युत आपूर्ति करने में सहूलियत मिलेगी। देसही देवरिया उपकेंद्र में हेतिमपुर फीडर के लिए 85 लाख, पथरदेवा फीडर के लिए 68 लाख व तरकुलवा फीडर निर्माण के लिए 82 लाख की धनराशि आवंटित हुई है।
कोट-
नए नगर निकायों व सीमा विस्तार में शामिल उपभोक्ताओं को शहर की बिजली देने के लिए जमा योजना के तहत आठ करोड़ की धनराशि शासन से स्वीकृत हुई है। दो माह के भीतर काम पूरा कर लिया जाएगा। नवसृजित नगर पंचायत पथरदेवा, तरकुलवा व हेतिमपुर में एक-एक नए टाउन फीडर बनाए जाएंगे। शीघ्र ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरु की जाएगी।
- जीसी यादव, अधीक्षण अभियंता बिजली निगम