मोहल्लों और विस्तारित क्षेत्रों के लोग झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। नगर पालिका क्षेत्र में करीब 225 कच्चे और खड़ंजा मार्गों को पक्का बनाने के लिए बजट की कमी है। इसके अभाव में सड़कों का निर्माण नहीं हो पा रहा है। वहीं, निकाय चुनाव नजदीक होने के कारण मोहल्लेवासियों को चिंता सता रही है कि अब काम में देरी होने के कारण उन्हें कुछ महीने और सांसत झेलनी पड़ेगी।
नगर पालिका क्षेत्र की मुख्य सड़कों से होकर गली-मोहल्लों में जाने वाली कई सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। इतना ही नहीं, नई बस्ती की सड़कें अब भी कच्ची हैं। बारिश के दिनों में कई ऐसे मोहल्ले हैं, जहां जल निकासी और सड़क का अभाव है।
शहर के रामगुलाम टोला में करीब 10 सड़कें कच्ची हैं। उमानगर में 15 सड़कें नई बस्ती की खराब हैं। देवरिया खास, रामनाथ देवरिया, चकियवा, साकेत नगर, खरजरवा बाहर की सड़कें खराब हैं। नगर पालिका ने ऐसी 225 सड़कों के निर्माण के लिए खाका तो तैयार कर लिया है, लेकिन बजट के अभाव में मामला अटका हुआ है।
विस्तारित क्षेत्र में कच्ची सड़कों की भरमार
नगर पालिका क्षेत्र में शामिल 23 गांवों की सड़कें अब भी कच्ची हैं। इसके लिए नगर पालिका ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत किसी भी सड़क के निर्माण की योजना नहीं बनाई है। इसके कारण अब ये सड़कें चुनाव के बाद ही बन पाएंगी।
कोट:
शहर की जो सड़कें कच्ची हैं, उनके लिए कार्ययोजना बनाई गई है। बजट आने पर निर्माण शुरू किया जाएगा। जो क्षेत्र शहर में शामिल किए गए हैं, वहां पर आने वाले समय में कार्य कराया जाएगा। इस बार 14वें वित्त का बजट काफी कम था।
-रोहित सिंह, ईओ, नगर पालिका