रुद्रपुर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद सुनने पहुंचे सीआरओ का पैर पकड़ कर रोने लगे सफाई कर्मी
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियाद सुनने पहुंचे मुख्य राजस्व अधिकारी का पैर पकड़ कर सफाई कर्मी रोने लगे। गेट पर खड़े सफाई कर्मियों ने गाड़ी से उतरते ही सीआरओ का पैर पकड़ लिया। उन्होंने मोहल्ले में बन रहे एक रैनबसेरे के कुछ लोगों पर निर्माण रोकने का आरोप लगाया। मामले में सीआरओ ने तहसील प्रशासन को जांच कर कार्रवाई करने को कहा। मंगलवार को मुख्य राजस्व अधिकारी शिव सहाय यादव रुद्रपुर तहसील पहुंचे। नगर के मलह टोली वार्ड स्थित मरकड़ी ढाले के पास सफाई कर्मियों की बस्ती में रैन बसेरे का निर्माण चल रहा है। नगर पंचायत की ओर से रैन बसेरा बनाया जा रहा है। रैन बसेरे की जमीन को कुछ लोग अपनी पुश्तैनी जमीन बता रहे हैं। इस कारण निर्माण काम रुक गया है। मंगलवार की सुबह सफाई कर्मियों और निर्माण कार्य रोक रहे लोगों में विवाद हो गया। इसके बाद सफाई कर्मी तहसील पहुंच कर हंगामा करने लगे। नायब तहसीलदार सफाई कर्मियों को समझाने लगे। इस दौरान सीआरओ भी पहुुंचे गए। सफाई कर्मियों ने कहा कि दबंग किस्म के लोग जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। उन्होंने सीआरओ से रैन बसेरा निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की।