रामपुर कारखाना। डायट परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय में दो दिन पहले डायट प्राचार्य के निरीक्षण में व्यापक अनियमितता मिली थी। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने शुक्रवार को प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया। अन्य सहायक अध्यापकों का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने की संस्तुति की है। जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य राजेंद्र यादव ने 28 अगस्त को परिसर में संचालित प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इसमें प्रधानाचार्य अनुपस्थित मिले। प्रार्थना भी नहीं कराया गया था। दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने की डायट प्राचार्य ने रिपोर्ट बीएसए को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने तत्काल प्रभाव से वहां पर तैनात प्रधानाध्यापक नित्यानंद द्विवेदी को निलंबित कर दिया। सहायक अध्यापकों का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित कर दिया। प्रकरण की जांच गौरीबाजार के बीईओ गोपाल शरण मिश्र को सौंपी गई है।