सपा के पूर्व मंत्री शाकीर अली और पूर्व जिलाधयक्ष बाबूलाल यादव,पूर्व जिलाध्यक्ष गेनालाल यादव ने प्रेसवार्ता किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। दीपक मणि अपहरण कांड में जेल में बंद जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव के समर्थन में कई सपा नेता सामने आए हैं। बुधवार को प्रेस वार्ता कर पूर्व मंत्री शाकिर अली ने रामप्रवेश पर कार्रवाई को राजनीतिक विद्वेष का नतीजा बताया। सत्ता के इशारे पर कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न पर चुप्पी पर पार्टी जिलाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों को आड़े हाथों लिया। प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री शाकिर अली ने कहा कि पुलिस टारगेट बनाकर जिला पंचायत अध्यक्ष रामप्रवेश यादव पर कार्रवाई कर रही है। जिले में हत्या, लूट और अपहरण जैसे कई गंभीर मामलों में अनेक आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन उन्हें नहीं पकड़ा जा रहा। सपा नेता इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके विरोध में आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि रामप्रवेश यादव इतने बड़े अपराधी नहीं थे कि उन्हें हथकड़ी लगाकर मीडिया के सामने पेश किया जाए। यह मानव अधिकार का उल्लंघन है। एसपी ने सत्ता पक्ष के इशारे पर एकतरफा कार्रवाई की है। पूर्व विधायक मनबोध प्रसाद ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पर सुनियोजित तरीके से पुलिस ने सत्ता पक्ष के नेताओं के इशारे पर दर्ज किया है। पुलिस अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं लाई तो सपा नेता सड़क पर उतरेंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष गेंदालाल यादव ने कहा कि पुलिस सरकार का एजेंट बनकर काम कर रही है। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल यादव, हुसैन अहमद, कमला यादव आदि मौजूद रहे।