रामपुर कारखाना। नए स्थान पर दुर्गा प्रतिमा और ताजिया स्थापित नहीं होंगे। जबकि पहले से प्रतिमा और ताजिया रख रहे लोगों को प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। दुर्गा पूजा और मोहर्रम में डीजे बजाने पर गैंगेस्टर की कार्रवाई की जाएगी। ये बातें रामपुर कारखाना थाने में आयोजित शांति कमेटी की बैठक में सीओ सदर संदीप सिंह ने कही। शुक्रवार की शाम को आयोजित बैठक में एसडीएम सदर राकेश सिंह ने कहा कि दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन हर हाल में 30 सितंबर की रात तक करना होगा। इंस्पेक्टर प्रभातेश श्रीवास्तव ने कहा कि ताजियेदारों के मुहर्रम की आठवीं, नौंवी और दसवीं के जुलूस के दौरान शस्त्र का प्रदर्शन करने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जुलूस पूर्व के निर्धारित रास्तों से ही निकलेगा। विसर्जन वाले घाटों पर जेनरेटर का इंतजाम कराया जाएगा। इस दौरान हियुवा नगर संयोजक सतीश वर्मा, श्यामबिहारी, मंसूर अहमद, शैलेंद्र सिंह, मनमोहन जायसवाल, अब्दुल जब्बार सिद्दीकी, विनोद लाल श्रीवास्तव और हरीलाल आदि मौजूद रहे।