रामपुर कारखाना। एनएचएम की मंडलीय काउंसलर ज्योतिर्मा राय ने किशोरियों को स्वस्थ्य तथा स्वच्छ रहने के गुर बताए। वह डुमरी स्थित अशोक इंटर कॉलेज में मंगलवार को ‘मेरी सेहत, मेरा निर्णय’ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सामान्य जीवन से वैवाहिक जीवन अपनाने के बाद जब किशोरियों को संतान पैदा करना होता है तो तमाम बाधाएं आती हैं। इसके लिए किशोरियों को स्वयं स्वस्थ्य रहने के लिए हमेशा चैतन्य रहना चाहिए। पीएचसी के बीपीएम अमित दुबे ने कहा कि कक्षा आठ से 12 की छात्राओं को इस कार्यक्रम में हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि किशोरियों को 18 वर्ष से पहले शादी नहीं करनी चाहिए। शादी के दो वर्ष बाद ही बच्चा पैदा करने का निर्णय लेना चाहिए। इससे जहां वैवाहिक जीवन के बाद शरीर को प्रौढ़ता प्राप्त होती है, वहीं संतान प्राप्ति के बाद शिशु और माता दोनों सुरक्षित रहते हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कार्यक्रम को संपन्न कराने के लिए माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य को जिमेदारी दी है। इसके लिए जनपद के 10 विद्यालय चयनित किए गए हैं। इस दौरान प्रधानाचार्य देवेंद्र नाथ तिवारी, सुनैना, राजन, चंद्रप्रकाश, रामप्रीत आदि मौजूद रहे।