संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। रविवार की दोपहर में ट्रांसफाॅर्मर की चिंगारी से 20 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। कड़ी मेहनत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुर्मीपट्टी के रहने वाले कादिर के खेत के पास ट्रांसफाॅर्मर लगा है। रविवार की दोपहर ट्रांसफाॅर्मर से आपूर्ति हो रही थी। तभी करीब 11 बजे ट्रांसफाॅर्मर की एचटी लाइन वाली खूंटी से चिंगारी निकलनी शुरू हो गई। चिंगारी खेत में गिरी तो आग लग गई। तेज हवा और धूप के कारण थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों तक फैल गई।
आग की चपेट में आने से चंडी यादव, मर्जिना, सीमा सिंह, रामफेर सिंह सहित अन्य किसानों की 20 एकड़ फसल जलकर राख हो गई। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया गया।