फोटो समाचार.........
दूसरे दिन पर्चा खरीदने वालों की संख्या दिखी कम, सिर्फ पांच ने खरीदा पर्चा
पहले दिन नामांकन करने वाले दो दलीय प्रत्याशी नामांकन कर कूदे चुनावी समर में
दूसरे दिन बड़ी संख्या में तैनात दिखी पुलिस, कलक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा का दिखा पुख्ता इंतजाम
बृहस्पतिवार को भाजपा के शशांक मणि के अलावा दो अन्य प्रत्याशी करेंगे अपना नामांकन
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। लोकसभा चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन शुरू हुआ। देवरिया संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के लिए दूसरे दिन दो उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इस सीट से भाजपा प्रत्याशी शशांक मणि बृहस्पतिवार और कांग्रेस के अखिलेश सिंह शुक्रवार को अपना नामांकन करेंगे। वहीं, बसपा की ओर से चुनाव मैदान में अब तक किसी प्रत्याशी को मैदान में नहीं उतारा गया है।
भाजपा के शशांक मणि के अलावा भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के प्रत्याशी त्रिगुनानंद त्रिपाठी व निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कुमार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच देवरिया कलक्ट्रेट परिसर में सुबह 11 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।
दूसरे दिन जनता समता पार्टी से मुक्ति नाथ सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, परिवर्तन समाज पार्टी से हरिकेश गुप्ता से नामांकन किया। इसके अलावा 5 नामांकन फार्म लोगों ने लिए हैं। पहले दिन किसी ने नामांकन नहीं किया। हालांकि, भाजपा के शशांक मणि त्रिपाठी सहित 18 दावेदारों ने 37 सेट पर्चा लिया। अब तक कुल 23 दावेदारों ने 46 सेट पर्चा लिया है। इसमें से दो दावेदारों ने तीन सेट में अपना नामांकन भी दाखिल कर चुनावी समर में उतर चुके हैं।
बुधवार को कलक्ट्रेट परिसर में चल रही नामांकन की प्रक्रिया को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती दिखी। सड़क की एक लेन सड़क की लगभग सारी दुकानें बंद थीं। दूसरी लेन की कुछ दुकानें खुली मिलीं, लेकिन भीड़ नदारद थी। नामांकन के लिए इस बार गेट से ही प्रवेश पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई थी। रोडवेज से लेकर कचहरी शिव मंदिर गेट तक देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग के एक लेन पर आवागमन था, यहां पर पुलिस मुस्तैद थी।
सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक चली प्रक्रिया के दौरान दूसरे दिन पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा खरीदा। पहले दिन नामांकन करने वाले जनता समता पार्टी से मुक्ति नाथ सिंह ने दो सेट में अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं, परिवर्तन समाज पार्टी से हरिकेश गुप्ता ने एक सेट में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अंगद यादव के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया।
गौरतलब हो कि पहले दिन सिर्फ 18 उम्मीदवारों ने 37 पर्चा लिया था। दूसरे दिन भी पांच प्रत्याशियों ने नामांकन पर्चा लिया। दो दिन में अब कुल 23 प्रत्याशियों ने 46 सेट पर्चा खरीदा है।
मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही मिल रहा था प्रवेश
दूसरे दिन बुधवार को कलक्ट्रेट के स्थित न्यायालय जिलाधिकारी के कक्ष संख्या पांच में 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन चला। दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान मुख्य गेट पर ही सुरक्षा के मद्देनजर मेटल डिटेक्टर लगाया गया था। जिससे होकर गुजरने के बाद सुरक्षा कर्मियों द्वारा बारीकी से जांच करने के बाद ही प्रत्याशी व उनके प्रस्तावक को अंदर जाने की अनुमति मिल रही थी। बिना जांच किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। मुख्य गेट से अंदर आने वाले हर व्यक्ति की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही थी।
कोऑपरेटिव चौराहे से लेकर रुद्रपुर मोड़ तक तैनात थी पुलिस, कलक्ट्रेट पर दिखी चौकसी
नामांकन के दूसरे दिन भी देवरिया-सलेमपुर मुख्य मार्ग को वनवे कर दिया गया था। रोडवेज से लेकर कचहरी शिव मंदिर तक सड़क की एक लेन पर आवागमन पूरी तरह से बाधित था। पैदल गुजरने वालों को पुलिस आने व जाने दे रही थी। कलक्ट्रेट मुख्य गेट से लेकर शिव मंदिर बैरिकेडिंग व रोडवेज तक बड़ी संख्या में पुलिस मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी कर रही थी। इसके अलावा डीएम आवास के समीप कोतवाली मोड़ पर पुलिस मुस्तैद दिखी। इसी तरह कचहरी शिव मंदिर के पास बने बैरिकेडिग के समीप भारी संख्या पुलिसकर्मी मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव के नामांकन को आज व कल रहेगा यातायात डायवर्जन
देवरिया। लोकसभा चुनाव में नामांकन प्रक्रिया को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए शहर में 09 मई और 10 मई को यातायात डायवर्जन रहेगा। बृहस्पतिवार को भाजपा से शशांक मणि अपना नामांकन दाखिल करेंगे। ठीक इसके अगले दिन शुक्रवार यानी 10 मई को इंडिया गठबंधन से कांग्रेस प्रयासी अखिलेश सिंह अपना नामांकन करेंगे। दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामांकन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए गोरखपुर से सलेमपुर, बरहज, रुद्रपुर की तरफ जाने वाले भारी और हल्के वाहन बैतालपुर से पाण्डेय चक से डुमरी से पड़री मल्ल, सोनूघाट होते हुए अपने गंतव्य को जाएगे।
इसी तरह सलेमपुर, बरहज, रुद्रपुर से गोरखपुर की तरफ जाने वाले भारीऔर हल्के वाहन सोनूघाट से पड़री मल्ल से डुमरी से पाण्डेय चक से बैतालपुर होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। यह जानकारी एएसपी दीपेंद्र नारायण चौधरी ने दी। बताया कि प्रत्येक डायवर्जन पर पुलिस तैनात रहेगी, जो डायवर्जन का अनुपालन कराएगी। साथ ही शहर के हर चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। रोडवेज से लेकर कचहरी शिव मंदिर तक बड़ी संख्या में पुलिस तैनात रहेगी। कलक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहेगा।
इन्हाेंने लिए पर्चे
1. विजय शंकर सिंह कौशिक हिंदुस्तान जन मोर्चा 02 सेट
2. रामदास मिश्रा निर्दलीय 02 सेट
3. गंगा प्रसाद कुशवाहा निर्दलीय 02 सेट
4. हरिश्चंद्र निर्दलीय 02 सेट
5. मुस्तफा हुसैन निर्दलीय 01 सेट