रुद्रपुर-निबही मार्ग पर हुआ हादसा
शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे दोनों युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। नगर से निबही मार्ग पर बाइक सवार युवकों को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है। घटना बुधवार की शाम रुद्रपुर निबही मार्ग पर हुई। बाइक सवार युवक एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
क्षेत्र के जंगल डोमडीला निवासी रमेश प्रसाद के घर बुधवार को शादी समारोह था। इसमें शामिल होने के लिए उनके रिश्तेदार गोरखपुर जिले के हरैया गांव निवासी अनिल कुमार (32) और रुद्रपुर के डहरौली गांव निवासी राजकुमार (40) बाइक से जा रहे थे। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। रुद्रपुर-निबही मार्ग पर सामने से आ रहे ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दोनों बाइक से उछल कर करीब दस फीट दूर जा गिरे।
राहगीरों के अनुसार, ट्रक तेज रफ्तार में था। चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां अनिल की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। दोनों युवकों के सिर में गंभीर चोट आई है। हादसे की सूचना पर अस्पताल में उनके परिजनों की भीड़ लग गई। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने कहा कि घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा गया है।