बिजली गिरने से छात्र सहित दो की मौत
खुखुंदू चौराहा और असना गांव में बृहस्पतिवार शाम की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। स्थानीय चौराहा और असना गांव में बृहस्पतिवार की शाम तेज बारिश के दौरान बिजली गिरने से एक छात्र और अधेड़ की मौत हो गई। उधर, घटना के बाद परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
सलेमपुर कोतवाली के सोहनाग के रहने वाले पिंटू मद्धेशिया तकरीबन 16 साल से पिपरपाती खुखुंदू चौराहे पर किराए के मकान में परिवार के साथ रहते हैं। वर्तमान में वह खुखुंदू के निवासी हो गए हैं। स्थानीय चौराहे पर चाय की दुकान चलाकर परिवार की जीविका चलाते हैं। उनके दो बेटों में बड़ा कृष्णा कुमार (17) नौवीं कक्षा में पढ़ता था। इसके अलावा वह दुकान पर पिता के कामों में हाथ बंटाता था।
बृहस्पतिवार शाम को बारिश के दौरान वह चाय की दुकान पर चाय बना रहा था। इसी बीच बिजली की चपेट में आ गया। परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, घर लाने पर फिर जीवित होने की आशंका पर दोबारा प्राइवेट अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद माता बेबी मद्धेशिया और पिता बेसुध हैं।
दूसरी घटना असना गांव की है। गांव के सियाशरण (55) गांव के बाहर भैंस चरा रहे थे। इसी बीच बिजली गिरने से उसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।