तरकुलवा थाना क्षेत्र के सिसवा राव गांव की दो चचेरी बहनें घर छोड़कर फरार हो गईं हैं। शुक्रवार की देर शाम कुलकुला स्थान मेला घूम कर घर वापस लौटने पर परिजनों के डांटने से नाराज होकर यह कदम उठाया है। घरवालों ने बताया कि गांव के ही युवक बहलाकर अपने साथ लेकर कहीं चले गए हैं।
इसी आशंका के आधार पर मां की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद तो दूसरे अज्ञात युवक के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरु कर दी है।
थाना क्षेत्र के सिसवा गांव की रहने वाली एक 19 वर्षीय युवती अपनी 11 वर्षीय चचेरी बहन के साथ शुक्रवार को कुलकुला स्थान मेला घूमने गईं थीं। दोनों चचेरी बहनों के देर शाम को घर वापस लौटने पर परिजनों ने उनको डांटा। परिजनों के डांट से नाराज दोनों चचेरी बहनें देर शाम को घर से कहीं चली गईं।
काफी खोजबीन के बाद जब उनका कहीं पता नहीं चल सका तो परिजनों ने शनिवार को तरकुलवा थाने में पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस को दिए गए तहरीर में युवती की मां ने पड़ोस के गांव के एक युवक पर शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसला कर भगा ले जाने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने इस मामले में थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव के आरोपी युवक संजय चौहान के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है। वहीं, 11 साल की बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि एक नामजद समेत दो पर अपहरण का केस दर्ज कर पुलिस लापता लड़कियों की तलाश कर रही है।