फोटो समाचार...
खुखुंदू के मुसैला चौराहे की घटना, मां-बेटे समेत तीन गंभीर रूप से घायल
मां की दवा कराकर घर जा रहे थे बाइक सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मुसैला चौराहे के पास एक ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार उछलते हुए पुल के नीचे जा गिरे। इस हादसे में मां, बेटे समेत तीन बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पीआरबी और स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया। पुलिस ने बाइक कब्जे में ले ली है।
मईल थाना क्षेत्र के मिश्रोली गांव निवासी आकाश (18) अपनी मां गुड़िया देवी (40) को शनिवार की सुबह बाइक से देवरिया दवा कराने लेकर गया था। आकाश के साथ पड़ोसी गांव धनौती राय कोतवाली सलेमपुर का उसका दोस्त मिट्ठू (21) भी गया था। देवरिया से दवा कराकर सभी बाइक से गांव लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि बाइक आकाश चला रहा था। वह बाइक लेकर अभी देवरिया-सलेमपुर फोरलेन पर मुसैला चौराहे के पास ही पहुंचा था कि पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक चालक ने बाइक में तेज टक्कर मार दी। आस-पास लोगों के मुताबिक, बाइक सवार कुछ ऊंचाई पर उछलते हुए पुल के नीचे जा गिरे। आकाश का पैर कई जगह फ्रैक्चर हो गया है। जबकि बीमार मां गुड़िया देवी का कूल्हा टूट गया है। वहीं मिट्ठू को भी गंभीर चोटें आई हैं।
उधर, बाइक में टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी। चोटिलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज देवरिया भिजवाया गया है। तीनों को गंभीर चोटें आई हैं। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी धर-पकड़ की जाएगी।