बरहज। मोहर्रम और दशहरा त्योहार को लेकर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आहूत की गई। सीओ वरुण मिश्र ने त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार में उन्माद फैलाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। मूर्ति स्थापित करने और ताजिया बनाने वालों की लिस्ट रखी जाएगी। विवाद की स्थिति में उनकी जवाबदेही होगी। ध्वनि प्रदूषण और नाच आदि के दौरान होने वाले विवाद को लेकर पंडालों में डीजे का प्रयोग वर्जित रहेगा। लाउडस्पीकर का प्रयोग किया जा सकेगा। सीओ ने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी अवधेश सिंह और एसडीओ शिवमनाथ तिवारी को त्योहार के मद्देनजर नगर में साफ-सफाई और बिजली आदि चाक चौबंद करने को कहा। इस दौरान प्रभारी थाना निरीक्षक सत्येंद्र पांडेय, सहेंद्र यादव, श्यामधर सिंह, अजय कुमार पाठक आदि मौजूद रहे।