रामपुर कारखाना। सोमवार को शिक्षामित्रों ने विकास खंड में परिषदीय विद्यालयों को बंद कराकर बीआरसी पर धरना-प्रदर्शन किया। ब्लॉक में शिक्षामित्रों ने घंटों धरना-प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। समायोजन रद्द होने के बाद से शिक्षामित्रों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को रामपुर कारखाना ब्लॉक के शिक्षामित्रों ने विरोध का तरीका बदल दिया और एक साथ झुंड में घूम-घूम कर परिषदीय विद्यालयों को बंद कराया। इसके बाद जोरदार नारेबाजी के बीच डॉयट परिसर में जुटे। देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश में एक ही पार्टी की सरकार है। वे चाहेंगे तो मामले का संतोषजनक हल निकल सकता है। जब तक सरकार शिक्षामित्रों के भविष्य के लिए कोई उचित फैसला नहीं लेती है, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरनास्थल पर पहुंचे डॉयट प्राचार्य को शिक्षामित्रों ने ज्ञापन सौंपा। नंद किशोर कांक्षी, रामाज्ञा चौरसिया, अजय मद्धेशिया, अनिरुद्ध यादव, अजय राव, अखिलेश नाथ त्रिपाठी, जमशेद अंसारी, प्रतिभा शर्मा, मैमुन निशा, विभा वरुण, आशा आदि शिक्षामित्र शामिल रहे।