सलेमपुर। एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने पर तीमारदारों ने सीएचसी पर हंगामा किया। विरोध करने पर इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक से बदसलूकी करने लगे। लोगों के गलत व्यवहार से डॉक्टर और कर्मचारी वहां से हट गए। चिकित्सक ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस से की लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। इसके पूर्व भी अस्पताल में कई बार हंगामा हो चुका है। सीएचसी पर गुरुवार को दिन में करीब 3.30 बजे किसी गांव के लोग एक बीमार शख्स को लेकर आए। हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर ने रेफर कर दिया। एंबुलेंस मिलने पर देरी होने पर रोगी के साथ आए लोग उग्र हो गए और हंगामा करने लगे। लोगों का आरोप है कि डॉक्टर एक दूसरे रोगी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज दिया, जबकि हम लोगों का मरीज भी सीरियस था। अस्पताल में हंगामा करने का डॉक्टर व कर्मचारियों ने विरोध किया तो तीमारदार गाली देने लगे। इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात डॉक्टर बृजनंदन ने इसकी सूचना सीएचसी के अधीक्षक और पुलिस को दी। सूचना के बाद भी पुलिस नहीं पहुंची। डॉक्टर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत कोतवाल विजय सिंह गौर ने बताया कि सीएचसी पर एक एंबुलेंस मौजूद थी और जाने वाले दो रोगी थी। इसी बात को लेकर एक हंगामा हुआ थे। मौखिक सूचना दी है, तहरीर नहीं मिली है।