खुखुंदू थाना क्षेत्र के बभनी पांडेय गांव का रहने वाला 12वीं का छात्र हुआ जालसाजी का शिकार
पहले छात्र के मोबाइल फोन पर जालसाज ने टेलीग्राम व्हाट्सप से मैसेज किया, फिर बात कर 13 बार में मंगा लिया पूरा रुपये, अभी और 7500 की कर रहा है मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बभनी पांडेय गांव का एक छात्र तीन दिन पहले जालसाजी का शिकार हुआ है। जालसाज ने पहले छात्र के मोबाइल फोन पर टेलीग्राम व्हाट्सप से मैसेज किया और फिर उससे बात कर 45 मिनट में तीन गुना रुपये करने का लालच देकर 19,000 रुपये ऐंठ लिया। अब भी जालसाज छात्र से 7500 रुपये और मांग रहा है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के बभनी पांडेय गांव निवासी श्याम कुमार शर्मा ने भटनी के सुभाष इंटर कॉलेज में 12वीं की परीक्षा दी है। बीते चार मार्च को वह मोबाइल फोन चला रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल फोन पर 9257307072 नंबर से टेलीग्राम व्हाट्सप मैसेज आया। फिर जालसाज ने फोन कर बताया कि हैदराबाद आदित्य ट्रेडर्स से बोल रहा हूं। पांच सौ रुपये भेजो 45 मिनट के अंदर 1500 रुपये भेजूंगा। श्याम जालसाज के लालच में आ गया और तत्काल 500 रुपये भेज दिया। फिर एरर बताकर 500 रुपये और मंगा लिया। ऐसे करते हुए छात्र से बारी-बारी से 13 बार में 18,749 हजार रुपये मंगा लिया।
छात्र तीन दिनों तक मैसेज कर रुपये वापस करने की मांग करता रहा। हालांकि, जालसाज अब भी 7500 और की मांग कर रहा है। छात्र ने बताया कि तीन दिनों से भोजन नहीं किया हूं। उसने थाने पहुंच इंस्पेक्टर दिलीप सिंह से रुपये वापस कराने की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि साइबर सेल के माध्यम से छात्र के रुपये वापस कराने का प्रयास किया जाएगा। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि छात्र ने तहरीर दी है तो साइबर सेल के माध्यम से जालसाज के खिलाफ कार्रवाई होगी।