नए सत्र में नामांकित हुए हैं दो लाख से अधिक विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत जनपद के 1.83 लाख विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, बैग के लिए डीबीटी योजना के तहत निर्धारित धनराशि भेजने की तैयारियां जनपद में भी तेज हो गई है। हालांकि करीब 14 हजार छात्र-छात्राओं का आधार न होने और कुछ का वेरीफाई नहीं होने से इस योजना से उनके वंचित रहने की उम्मीद है।
अप्रैल से शुरू हुए नए सत्र में जिले के 2120 परिषदीय स्कूलों में 202033 छात्र-छात्राएं नामांकित हुए हैं। इसमें 183577 को योजना का लाभ मिलना है। आधार वेरीफाई नहीं होने से 7105 एवं 7815 छात्रों का आधार ही नहीं बनने से इनके इस योजना से वंचित रहने की उम्मीद है। प्रभारी बीएसए विजयपाल नारायण त्रिपाठी ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में नए सत्र में नामांकित विद्यार्थियों को डीबीटी योजना का लाभ दिलाने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शासन को इनकी सूची भी भेज दी गई है। प्रत्येक छात्र के अभिभावक के खाते में 1200 रुपये की धनराशि डायरेक्ट टू ट्रांसफर के जरिए भेजी जानी है। इसी धन से अभिभावक अपने पाल्यों के लिए यूनिफाॅर्म, जूता-मोजा, बैग, स्टेशनरी, स्वेटर आदि खरीद सकेंगे।