कबीर ने दूर की सामाजिक कुरीतियां : डॉ. इंदू
बहोरवा मठ में सद्गुरु नारायण साहेब की मनी पुण्यतिथि
अमर उजाला ब्यूरो
भाटपाररानी। क्षेत्र के सद्गुरु कबीर आश्रम बहोरवा मठ में शनिवार को सद्गुरु नारायण साहेब की पुण्यतिथि पर सम्यक समाज जागरूकता समारोह का आयोजन किया गया। इसमें यूपी-बिहार के हजारों कबीरपंथी शामिल हुए। समारोह में मुख्य वक्ता बीएचयू की प्रोफेसर डॉ. इंदू चौधरी ने कहा कि संत कबीर दास ने सामाजिक कुरीतियों को दूर किया था। जब उनका जन्म हुआ, तब समाज में अंधविश्वास, कुरीतियां चरम पर था। उन्होंने अपने वाणी से इस पर जमकर हमला बोला और समाज से इसे दूर भगाने कर मुहिम छेड़ी। हमें दूसरों की तरफ उंगली उठाने की बजाय पहले अपने मन के अंदर झांकना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों से भी अंधविश्वास के खात्मे का आह्वान किया। महात्मा बुद्ध के बाद संत कबीर और उसके बाद बाबा साहब ने मन के इसी ज्ञान दीप को जलाने का कार्य किया। उन्होंने खासकर महिलाओं से कहा कि वे व्रत, त्योहार की बजाए अपने परिवार और समाज की सेवा करें, यही उनके लिए सबसे बड़ा पर्व होगा। इसके पूर्व समारोह के आयोजक सद्गुरु संत भगवान शास्त्री ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों को अंग वस्त्र व स्मृति चिह्न देकर स्वागत व आभार जताया। समारोह को डीपी बौद्ध, छेदी मास्टर अकेला, महंत विनोद गोस्वामी, महंत प्रेम शरण दास, मगहर से आए संत विचार दास रामभरोसा, प्रमोद गौतम, नथुनी नीरज, रामदुलारे, इंद्रासन प्रसाद, रामअशीष राम, डॉ. सुशील आदि मौजूद रहे।