एकौना/रुद्रपुर। बाढ़ पीड़ितों को सरकार की ओर से मिल रही इमदाद की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। जिम्मेदारों की लापरवाही से पीड़ितों में घटिया किस्म के सामान बांटने को भेजा जा रहा। शुक्रवार को कई गांवों में मिले राहत पैकेट की बोरी में रखी दाल से दुर्गंध आ रही थी। लंच पैकेट की पूड़ी, सब्जी कीचड़ के बीच पकाए जा रहे थे। तहसील स्थित होटलों में बाढ़ पीड़ितों में बांटने को लंच पैकेट तैयार किया जा रहा है। 30 रुपये की दर से एक लंच पैकेट बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें आठ पूड़ी, सब्जी, एक लड्डू और आचार रखे जाने हैं। होटलों पर गंदगी में पूड़ियां तैयार कर पीड़ितों तक पहुंचाया जा रहा है। पचलड़ी, रतनपुर, रमपुरवा, पलिया गांव के बाढ़ पीड़ितों में बांटे गए राहत पैकेट से भूना हुआ चना और लाई (भुजा) गायब था। पचलडी गांव की रेखा देवी और कलावती देवी ने कहा कि दाल से दुर्गंध आ रही है। दाल में अधिक मात्रा में कंकड़ हैं। ऐसे राशन को खाने से बीमार होने की आशंका है। एसडीएम घनश्याम ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों में बांटे जाने वाले सामानों में गुणवत्ता की खराबी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।