संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। हृदय की बीमारी के साथ देसही देवरिया ब्लाॅक क्षेत्र के बेलवा बाजार में पैदा हुई कुमारी अदिति 18 माह पुत्री अमरजीत यादव को नया जीवन प्राप्त हुआ है। इस जन्मजात विकृति का ऑपरेशन आरबीएसके टीम की मदद से संभव हो सका है।
बेलवा बाजार के रहने वाले गरीब मजदूर अमरजीत यादव के वहां 18 दिसंबर 21 को एक पुत्री पैदा हुई घर में खुशियां फैल गई, लेकिन समय के साथ पता चला कि उसके हृदय में सुराख है, जिसका ऑपरेशन कराया जाना आवश्यक है। इसके ऑपरेशन में करीब सात लाख रुपये खर्च आएंगे। गरीब अभिभावक के पास ऑपरेशन के लिए पैसा न होने से वह निराश रहने लगा। इसकी जानकारी आंगनबाड़ी केंद्र के जरिए आरबीएसके टीम के प्रभारी डॉ. अरविंद कुमार पाठक को हुई। उनकी टीम के डॉ. अनुपमा सिंह, फार्मासिस्ट मनोज कुमार सिंह, एएनएम संगीता गुप्ता ने सक्रियता दिखाते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरा दौला कदम के प्रभारी डॉ. शुभलाल शाह, जिला अस्पताल से मदद ली। इसके बाद बच्चे को इलाज के लिए श्री सत्य साईं संजीवनी इंटरनेशनल सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर एंड रिसर्च पलवल हरियाणा के लिए रेफर कराया गया, जहां जांच के बाद बच्ची के हृदय का 27 जुलाई को ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन टीम के ए डॉग ने बताया कि बच्ची के हृदय में सुराग था जिसका सफल ऑपरेशन कर दिया गया है और वह पूरी तरह से स्वस्थ है। जल्द ही उसे छुट्टी मिल जाएगी।