सीडीओ से मिला भाजपा का प्रतिनिधिमंडल
पीएम आवास ग्रामीण की दिक्कतों पर की वार्ता
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में पात्रों के आवास आवंटन में आ रही दिक्कतों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष डॉ. अन्तर्यामी सिंह के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी राजेश त्यागी से मिला। प्रतिनिधि मंडल ने आमजन को आवास आवंटन में हो रही परेशानियों से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद मुख्य विकास अधिकारी राजेश त्यागी ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के पात्रों का अब ऑफलाइन आवेदन भी लिया जाएगा। इसके लिए अलग-अलग अधिकारी लगाए जाएंगे। फॉर्म वितरण, फॉर्म जमा, रसीद देने, पात्रता की जांच करने के लिए अलग-अलग अधिकारी लगेंगे। साथ ही उनकी जवाबदेही भी तय होगी। इस प्रक्रिया की सूचना बहुत जल्द समाचार पत्रों के माध्यम से प्रकाशित करा दी जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी के इस निर्णय से प्रतिनिधिमंडल सहमत हुआ। इस प्रक्रिया के शुरू होने के बाद कोई पात्र अब आवास से वंचित नहीं होगा। प्रतिनिधिमंडल में भूपेंद्र सिंह, प्रमोद शाही, दिनेश त्रिपाठी, कृष्णनाथ राय, अजय दुबे, सीपी सिंह, नित्यानंद पांडेय, अखिलेश त्रिपाठी, अंबिकेश पांडेय, जितेंद्र पांडेय आदि शामिल रहे।